Today Breaking News

मां-बेटे की हत्या कर युवक ने खुद को गोली मारी, 7 साल की बेटी घायल, पत्नी ने भागकर बचाई जान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ में एक युवक ने अपनी मां और मासूम बेटे की हत्या कर सुसाइड कर लिया। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उसका अपनी मां से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
ये तस्वीर आरोपी नीरज पांडेय की है। साथ में मां-पिता और उसकी पत्नी- बेटी हैं।
वारदात में सात साल की बेटी की हालत गंभीर है। उसका मंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी ने अपनी पत्नी को मारना चाहा था, लेकिन उसने भागकर जान बचाई। घटना जहानागंज कस्बे के चकिया मुस्तफाबाद की है। DIG सुनील कुमार सिंह और SSP हेमराज मीणा मौके पर पहुंचे। आरोपी की पत्नी के बयान लिए हैं।

पड़ोसियों के अनुसार- मुस्तफाबाद का रहने वाला नीरज पांडेय (35) वाराणसी में एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। मंगलवार दोपहर में वह शराब पीकर घर आया था। कमरे में उसकी मां चंद्रलता देवी (55), पत्नी माधुरी, बेटा सार्थक (4), बेटी समृद्धि (7) मौजूद थे। बच्चों ने उससे आईस्क्रीम खाने की डिमांड की। नीरज ने उन्हें आईस्क्रीम लाकर दिया।

पत्नी और मां से किसी हुआ था झगड़ा
इसके बाद वह कमरे में बैठकर पत्नी और मां से बात करने लगा। इसी दौरान किसी बात को लेकर नीरज जोर-जोर से चिल्लाने लगा। पड़ोसियों को लगा कि घरेलू मामला है, किसी का बोलना ठीक नहीं है। इसलिए वे अपने घर में ही रहे। तभी अचानक करीब 3 बजे गोली चलने की तेज आवाज आई।
ये तस्वीर समृद्धि की है। उसका इलाज मंडलीय जिला अस्पताल में चल रहा है।
इसी बीच पत्नी घर से बाहर 'गोली मार दी...' चिल्लाते हुए घर के बाहर भागकर पहुंची। वह बेहद डरी थी। थोड़ी ही देर बाद फिर से गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी। आस-पड़ोस के लोग घर के अंदर पहुंचे। अंदर देखा तो नीरज और उसकी मां की मौत हो गई थी। जबकि बेटा सार्थक और बेटी समृद्धि घायल थी। उनके शरीर से खून बह रहा था।

बेटे की अस्पताल जाते समय हुई मौत
आरोपी की पत्नी ने जहानागंज पुलिस को फोन करके सूचना दे दी थी। पड़ोसी बेटे और बेटी को एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर भागे। रास्ते में बेटे की भी मौत हो गई। बेटी को आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पर उसका इलाज चल रहा है।
DIG ने आरोपी की पत्नी से घटना की जानकारी ली है।
सूचना पाकर एसएसपी हेमराज मीणा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद DIG सुनील कुमार सिंह भी पहुंचे। जिला अस्पताल भी पुलिस पहुंची। वहां पर मौजूद लोगों से घटना और डॉक्टरों से बच्ची की हालत जानी है।

एसपी बोले- वारदात की वजह अभी साफ नहीं
एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया, जहानागंज में मर्डर की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटना स्थल और अस्पताल जाकर वारदात की जानकारी ली। पूरा मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। फिलहाल छानबीन चल रही है। वारदात की वजह पता नहीं चल पाई है। उसका पता लगाया जा रहा है।
 
 '