Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर हर घंटे 4 सेमी बढ़ रहा, प्रशासन अलर्ट

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक जलस्तर 57.910 मीटर पहुंच गया। प्रति घंटे 4 सेमी की दर से पानी बढ़ रहा है। सुबह के समय यह दर 5 सेमी प्रति घंटे थी। गंगा का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर है। चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर पर निर्धारित है। वर्तमान में नदी का जलस्तर सामान्य स्तर से कम है।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने जलस्तर में वृद्धि की पुष्टि की है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार उत्तराखंड से आ रहे पानी और उत्तर प्रदेश में हुई बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है। स्थानीय निवासी नौशाद ने बताया कि दो-तीन दिन पहले नदी का पानी काफी नीचे था। अब घाट पर पानी दो-तीन सीढ़ियां ऊपर आ चुका है।


तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग संभावित बाढ़ की आशंका से चिंतित हैं। जिला प्रशासन आगामी दिनों में संभावित बाढ़ को देखते हुए अलर्ट मोड में आ गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
 
 '