Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार, प्रति घंटे 3 सेंटीमीटर बढ़ रहा पानी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया है। शाम 6 बजे तक जलस्तर 62.340 मीटर दर्ज किया गया। जल आयोग के अनुसार नदी का जलस्तर 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है।
नदी का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर है। चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर और खतरे का निशान 63.105 मीटर निर्धारित है। उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर माना जाता है। पिछले तीन वर्षों में गंगा का उच्चतम जलस्तर 2021 में 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर रहा।

बाढ़ से जिले की सदर, सैदपुर, जमानिया और मुहम्मदाबाद तहसीलों के तटवर्ती इलाके प्रभावित हैं। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत और फसलें जलमग्न हो गई हैं। रेवतीपुर-नागदिलपुर और रेवतीपुर-गहमर बाईपास मार्ग पर पानी भर गया है।

प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारियां कर ली हैं। प्रभावित इलाकों में 160 बाढ़ चौकियां और 44 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। 500 आपदा मित्र ग्रामीण इलाकों में कार्य करेंगे। एसडीएम और तहसीलदार क्षेत्र में तैनात हैं। हर 3 घंटे में बाढ़ की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।