Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, प्रति घंटे 7 सेंटीमीटर बढ़ रहा पानी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर 60.790 मीटर दर्ज किया गया। यह सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर से अधिक है। पानी प्रति घंटे 7 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है।
केंद्रीय जल आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। दोपहर दो बजे नदी का जलस्तर 60.790 मीटर दर्ज किया गया है, जो सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर से अधिक है। पानी प्रति घंटे 7 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। बाढ़ की स्थिति के मापदंड के अनुसार, 61.550 मीटर चेतावनी बिंदु है। इसके बाद 63.105 मीटर पर खतरे का निशान है। उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर निर्धारित है।

पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 में गंगा का उच्चतम जलस्तर 64.680 मीटर था। 2022 में यह 64.390 मीटर और 2023 में 61.700 मीटर दर्ज किया गया। 2019 में नदी का जलस्तर 64.530 मीटर तक पहुंचा था। वर्तमान स्थिति में जलस्तर सामान्य स्तर को पार कर चुका है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के मुताबिक, उत्तराखंड से आ रहे पानी और यूपी में हुई बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि, स्थिति अभी नियंत्रण में है। सैदपुर, करण्डा, जमानिया और गहमर के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग चिंतित हैं। स्थानीय मल्लाहों के अनुसार तेज बढ़ते जलस्तर से छोटी नावों का संचालन प्रभावित हुआ है। मछुआरों ने आने वाले दिनों में बाढ़ की आशंका जताई है।
 
 '