गाजीपुर में गंगा नदी के जलस्तर में प्रति घंटे 2-3 सेमी की बढ़ोतरी, सामान्य से ऊपर पहुंचा जलस्तर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी के जलस्तर में प्रति घंटे 3 सेमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते दिन से यह रफ्तार 2-3 सेमी प्रति घंटा चल रही है। जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार, यमुना नदी के जरिए मध्य प्रदेश की तरफ से आ रहे पानी के कारण गंगा के जलस्तर में यह इजाफा शुरू हुआ है।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गाजीपुर में गंगा का जलस्तर आज शाम 3 बजे 61.860 मीटर दर्ज किया गया। गाजीपुर में सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर माना जाता है। जब पानी 62.100 मीटर तक पहुंचता है, तो यह चेतावनी बिंदु कहलाता है। 63.105 मीटर पर खतरे का स्तर माना जाता है। जबकि 65.220 मीटर उच्च बाढ़ स्तर है।
2024 में बाढ़ का उच्चतम जलस्तर 63.670 मीटर रहा। पिछले वर्षों में बाढ़ का स्तर इससे भी अधिक रहा है। 2022 में बाढ़ का उच्च जलस्तर 64.390 मीटर तक पहुंचा था। साल 2021 में यह और भी अधिक 64.680 मीटर तक पहुंच गया था। वर्तमान जलस्तर सामान्य स्तर से थोड़ा ऊपर है। लेकिन यह चेतावनी बिंदु से काफी नीचे है।
गाजीपुर के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के अनुसार, पिछले एक हफ्ते तक जलस्तर घटाव पर था। अब फिर से जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है। इससे गंगा किनारे रहने वाले लोगों की चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं। 20 जुलाई को गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया था। तटवर्ती क्षेत्र के सैकड़ों बीघे फसल और खेत जलमग्न हो गए थे। रेवतीपुर क्षेत्र में कई सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया था।
जिला प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट पर है। प्रशासन बाढ़ के मद्देनजर बचाव एवं राहत कार्य के लिए सभी जरूरी इंतजाम का दावा कर रहा है। बाढ़ के मद्देनजर जिले में 160 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। जबकि जिले में बाढ़ के मद्देनजर 44 शेल्टर होम बनाये गए हैं।