Today Breaking News

ग़ाज़ीपुर में आ गई बाढ़, गंगा नदी हुई खतरे बिंदु के पार; हर घंटे 2 सेमी बढ़ रहा स्तर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया है। आज दोपहर 2 बजे तक जलस्तर 62.410 मीटर दर्ज किया गया। जल आयोग के अनुसार नदी का जलस्तर 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है। सुबह यह रफ्तार 1 सेमी प्रति घण्टे थी।
गंगा का सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर है। चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर और खतरे का निशान 63.105 मीटर निर्धारित है। उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर माना जाता है। पिछले तीन वर्षों में गंगा का उच्चतम जलस्तर अलग-अलग रहा है। 2021 में यह 64.680 मीटर, 2022 में 64.390 मीटर और 2024 में 63.670 मीटर दर्ज किया गया।

बाढ़ से जिले की पांच तहसीलें प्रभावित हैं। इनमें सदर, सैदपुर, जमानिया, सेवराई और मुहम्मदाबाद के तटवर्ती इलाके शामिल हैं। किसानों के सैकड़ों बीघा खेत और फसलें जलमग्न हो गई हैं। रेवतीपुर क्षेत्र में सम्पर्क मार्ग पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है।

मोहम्मदाबाद के शेरपुर में कटान की समस्या देखी जा रही है। स्थानीय लोग गंगा किनारे झाड़-झंखाड़ डालकर अपनी जमीनों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने की तैयारी पूरी कर ली है। प्रभावित इलाकों में 160 बाढ़ चौकियां और 44 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। 500 आपदा मित्र ग्रामीण इलाकों में कार्य करेंगे। एसडीएम और तहसीलदार क्षेत्र में तैनात हैं। हर 3 घंटे में बाढ़ की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
 
 '