गाजीपुर में बाढ़ से प्रभावित गांवों में राज्यमंत्री ने किया दौरा, बाढ़ पीड़ितों को वितरित किए राहत सामग्री
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने आज विकास खंड करंडा के प्राथमिक विद्यालय दीनापुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत किट वितरित किए।
उन्होंने अखिलेश और सपा पर निशाना साधा। मंत्री जायसवाल ने नाव के माध्यम से प्रभावित गांवों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रभावितों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह भी मौजूद रहीं।
मंत्री जायसवाल ने बताया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नियुक्त 11 मंत्रियों की टीम के सदस्य के रूप में गाजीपुर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में गंगा नदी की जलधारा प्रवाहित होती है। जनपद के अब तक 143 राजस्व गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें से 40 गांवों का संपर्क मार्ग पूरी तरह टूट चुका है।
प्रशासन ने 3602 परिवारों की 19352 जनसंख्या को चिह्नित किया है। सभी को राहत किट उपलब्ध कराई जा रही है। जिले में 131 बाढ़ चौकियां और 18 बाढ़ शरणालय क्रियाशील हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में आवागमन के लिए 213 नावें लगाई गई हैं। मंत्री ने बताया कि जनपद में बाढ़ का पानी अब स्थिर हो गया है।
इसके बावजूद सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। प्रत्येक बाढ़ पीड़ित परिवार को एक सप्ताह के लिए लगभग 50 किलो राहत सामग्री दी जा रही है। साथ ही पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था, सुरक्षा के लिए नावों की तैनाती और पुलिस पेट्रोलिंग भी लगातार जारी है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि "मानव सेवा ही मानव धर्म है"।
सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है और बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार और अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।