गाजीपुर में अकेले रहने वाले 55 वर्षीय सेना के जवान ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को मारी गोली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जखनियां स्थित भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के झोटना गांव में एक दुखद घटना सामने आई। सेना से रिटायर्ड 55 वर्षीय देवानंद सिंह ने अपनी लाइसेंसी एसबीबीएल बंदूक से खुद को गोली मार ली।
देवानंद सिंह पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी पत्नी शशिकला देवी आजमगढ़ जिले के समेदा में रहती हैं। उनका बेटा ज्ञानू सिंह मुंबई में नौकरी करता है। घटना की सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि तेज प्रताप सिंह ने पुलिस को दी।
कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, मृतक ने सीने और पेट के बीच गोली मारी थी। गोली के प्रभाव से बंदूक का नाल भी सीने में धंस गया था। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने बंदूक और खोखा कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया है।
शशिकला देवी ने बताया कि उनके पति रिटायरमेंट के बाद से अकेले रहते थे। वे मानसिक रूप से परेशान थे और शराब के आदी थे। इसी कारण वह मायके में रह रही थीं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।