पउआ के साथ पावर चाहिए...ग़ाज़ीपुर में बाढ़ पीड़ितों से संजय निषाद ने कहा- गंगा माँ आशीर्वाद देने आई हैं
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने गाजीपुर में कहा- निषाद समाज के लोगों को अब पव्वा के साथ पावर चाहिए। निषादों को अब सम्मान मिल रहा है। निषादों को कोई केवटवा या बिंदवा नहीं कहता। निषाद जी कहकर बुलाते हैं।
उन्होंने कहा-पव्वा आपके पास है ही। पावर मोदी-योगी के पास है। हम सरकार के साथ हैं। यही नहीं, बाढ़ पीड़ितों से बातचीत में उन्होंने कहा- गंगा आशीर्वाद देने आई हैं। ये बात समझिए कि गंगा अपने पुत्रों के यहां गंगा नहीं आएगी तो कहां आएंगी। गुरुवार को मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने गाजीपुर के जमनियां के रेवतीपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से सभागार में बातचीत की।
500 साल भगवान राम टेंट में रहे, आपको भी आवास मिलेगा जिले में गंगा की बाढ़ आई है। लेकिन ये बात समझिए कि गंगा अपने पुत्रों के पास नहीं आएगी तो कहां आएंगी। वो आशीर्वाद देने आई हैं। गंगा किनारे रहने वाले निषाद समुदाय में जिनके पास आवास नहीं हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास के तहत मकान दिए जाएंगे। भगवान राम 500 साल तक टेंट में रहे। भाजपा सरकार में उनका भव्य मन्दिर बना। आप लोगों को भी आवास मिलेगा। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आवास दिलाने का आश्वासन दिया।
जो निषादों का हिस्सा गायब करते हैं, उन्हें गायब करना है... संजय निषाद ने कहा- अगर आप पार्टी का झंडा लेकर रहेंगे तो लोग सिर्फ आपको पव्वा वाला नहीं, बल्कि झंडा वाला भी कहेंगे। उन्होंने कहा कि जो निषादों का हिस्सा गायब करते हैं, समय आ गया, अब उन्हें गायब कर दिया जाए।
हनुमान बनकर बिहार में उतर जाओ आप बिहार के बगल वाले जिले में हैं। बिहार में चुनाव जीतना है। जैसे लंका में भगवान राम पैदल गए थे। रावण को मारा था। उनसे पहले हनुमान जी गए थे। वैसे ही आप लोग 20 तारीख के बाद बिहार में हनुमान बनकर उतर जाइए। लोगों से कहिए कि संजय निषाद आ रहे हैं। वहां भी रावण जैसे लोगों को हराना है।
योजनाओं के लिए किसी दलाल की जरूरत नहीं उन्होंने कहा- सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसी दलाल, नेता को पकड़ने की जरूरत नहीं है। इस सरकार में रोजगार है। आत्मनिर्भर हो जाओ। सरकार बुनियादी सुविधाओं के उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। निषाद समुदाय के बच्चों को पढ़ने के लिए सरकार कैंप लगाकर सहायता दे रही है। योगी-मोदी के नेतृत्व में यूपी मछुआ कल्याण कोष की स्थापना वाला देश का पहला प्रदेश बना है।
संजय निषाद ने कहा कि सरकार ने बाढ़ प्रभावित गाजीपुर में अब तक 29 हजार को लंच पैकेट बंटवाए हैं। जबकि 10 हजार को राहत सामग्री दी जा चुकी है। जो मझधार में हैं, उन्हें निकाला जाएगा। जो छूटा होगा उन्हें जल्द ही राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
