ग़ाज़ीपुर में अनियंत्रित वाहन ने तीन को कुचला, तीनों की हालत गंभीर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर में सोमवार शाम एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा शेखपुर चट्टी पर हुआ। वाहन अचानक रुक गया था। चालक ने सीट बदली और उसके साथ बैठे एक अन्य व्यक्ति ने गाड़ी चलाने का प्रयास किया। गाड़ी आगे बढ़ाने की कोशिश में उसने क्लच की जगह एक्सीलरेटर दबा दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हवा में उछल गया।
इस दौरान सड़क किनारे भुजा बेच रहे जवाहर बिंद (शेखपुर), शौरी राम (मच्छरताली) और लक्खू बिंद (रुहीपुर) वाहन की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वाहन को हटाकर घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर जंगीपुर थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है।
