Today Breaking News

गाजीपुर में खाद्य विभाग की कार्रवाई, 60 किलो मिलावटी मिठाई जब्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। डीएम अविनाश कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में छह प्रतिष्ठानों से 8,800 रुपए मूल्य का 40 किलोग्राम चीनी का सीरा और 20 किलोग्राम छेना मिठाई जब्त कर नष्ट की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों में आम जनता को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। अभियान के दौरान दिलदारनगर, जमानिया और मुहम्मदाबाद क्षेत्रों में कई प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए।

जमानिया में रामआशीष यादव के खोया मंडी प्रतिष्ठान और इंदल यादव के थोक खोया विक्रय केंद्र से खोये के नमूने संग्रहित किए गए।इसके अतिरिक्त, भदौरा बाजार में मेसर्स परमपरा स्वीट्स से बर्फी का नमूना लिया गया। मजुई मोड़ सादात स्थित विनोद कुमार यादव के बूंदी लड्डू निर्माण प्रतिष्ठान और यूसुफपुर बाजार मुहम्मदाबाद स्थित मेसर्स सागर स्वीट व मेसर्स सम्राट स्वीट से भी नमूने एकत्र किए गए।

संग्रहित सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद, यदि कोई प्रतिष्ठान दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव और सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 रमेश चंद्र पांडे के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र, खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, विरेंद्र यादव और विपिन कुमार गिरि सहित कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
 
 '