Today Breaking News

गाजीपुर में दीपावली से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, 9 लाख की मिलावटी घी-मिठाई जब्त

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 9 लाख 35 हजार 350 रुपये मूल्य का देसी घी और मिठाई जब्त की है।
इस अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने एकत्र किए गए। टीम ने खराब गुणवत्ता पाए जाने पर 150 किलो खोया, 15 किलो छेना मिठाई और 50 किलो रंगीन चटनी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, 1439 किलो 'प्रेम जी ब्रांड' देसी घी को सीज किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 9 लाख 35 हजार 350 रुपये है।

यह कार्रवाई सैदपुर की खोयामंडी में विन्ध्यांचल यादव, जवाहर लाल और प्रभुनाथ यादव के प्रतिष्ठानों से खोया के नमूने लेने के साथ शुरू हुई। सैदपुर तहसील के पास स्थित रामकरन यादव स्वीट हाउस से छेना मिठाई, पुरानी बाजार के बंगाली स्वीट निर्माणशाला से रंगीन बूंदी के नमूने लिए गए।

लंका क्षेत्र के जायसवाल स्वीट्स और श्री बालाजी स्वीट्स हाउस से मिल्क केक और छेना मिठाई के नमूने भी एकत्र किए गए। टेढ़ीबाजार स्थित अग्रवाल स्वीट्स के निर्माण प्रतिष्ठान से खोया, छेना और 'प्रेम जी ब्रांड' देसी घी के नमूने संग्रहित किए गए।

सभी एकत्र किए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह विशेष अभियान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दिनेश कुमार के निर्देशन में चला। टीम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सैदपुर, उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता, सहायक आयुक्त (खाद्य) रमेश चंद्र पांडेय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन कुमार मिश्र शामिल थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्ता, पंकज कुमार कन्नौजिया, अरविंद प्रजापति, धनंजय सिंह, विरेंद्र यादव और बिपिन कुमार गिरी ने भी इस कार्रवाई में सहयोग किया।
 
 '