गाजीपुर जेल में 6 महिला बंदियों ने रखा छठ व्रत, प्रशासन ने पूजा घाट बनवाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिला जेल में छठ महापर्व की अनूठी तस्वीर सामने आई है। जेल में बंद छह महिला बंदियों ने आस्था और श्रद्धा के साथ छठ का कठिन व्रत रखा है। जेल प्रशासन ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
इन महिला बंदियों के लिए जेल परिसर में ही एक छोटा तालाब (पूजा घाट) खुदवाया गया है। यहीं पर व्रती महिलाएं आज शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी और कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगी।
जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि वर्तमान में जेल में कुल 32 महिला बंदी हैं, जिनमें से छह ने यह व्रत रखा है। पिछले तीन दिनों से जेल में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं।
व्रत की शुरुआत परंपरा के अनुसार 'लौका भात' से की गई थी। जेल प्रशासन ने शासन के निर्देशों के अनुरूप पूजा सामग्री से लेकर व्रतियों की सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस अवसर पर पूरी जेल में एक विशेष धार्मिक और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।
