गाजीपुर में भाजपा नेता एक लाख की रंगदारी में गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में कासिमाबाद पुलिस ने एक भाजपा नेता को रंगदारी वसूलने और गाली-गलौज के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को शनिवार देर शाम उसके घर से पकड़ा गया और न्यायालय में पेश किया गया।
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि सहाबलपुर गांव निवासी संतोष बिंद ने शिकायत दर्ज कराई थी। संतोष बिंद का आरोप है कि भाजपा के जिला पिछड़ा मोर्चा नेता मनु बिंद (पुत्र महगु बिंद, निवासी सहाबलपुर) ने उनसे गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और एक लाख रुपये की रंगदारी वसूली।
उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर शुक्रवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनु बिंद को उसके घर से हिरासत में लिया, जब वह भागने की फिराक में था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनु बिंद, उम्र 28 वर्ष, पुत्र महंगु बिंद, निवासी सहाबलपुर बताया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी को पिछड़ा मोर्चा का जिला मंत्री बताया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश गुप्ता और कांस्टेबल अजय मौर्या शामिल थे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने पुष्टि की कि रंगदारी वसूलने और गाली-गलौज के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
