Today Breaking News

सांसद रवि किशन को धमकी देने वाला गिरफ्तार; फोन पर कहा था- गोली मार दूंगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोरखपुर. सांसद रवि किशन को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार हो गया है। गोरखपुर पुलिस ने रविवार को उसे पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया। सोमवार को उसे गोरखपुर कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया। आरोपी की पहचान लुधियाना निवासी अजय कुमार यादव पुत्र रामफेर यादव के रूप में हुई है।
आरोपी ने 30 अक्टूबर को सांसद को फोन पर धमकी दी थी। कहा था- बिहार आओ, गोली मार दूंगा। इसके बाद सांसद की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी का पता लगाया और पंजाब के लुधियाना से उसे गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से धमकी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने यह हरकत व्यक्तिगत रंजिश में की या किसी के इशारे पर की है।

एसपी सिटी बोले- आरोपी का बिहार से कोई लेना-देना नहीं
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया- आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया था। आज उसको जेल भेज दिया गया है। आगे अब उससे पूछताछ की जाएगी। गोरखपुर की थाना रामगढ़ ताल पुलिस ने कार्रवाई की है। इस दौरान आरोपी ने कहा- मैं नशे में था, इसलिए गलती हो गई। आरोपी का बिहार से कोई लेना देना नहीं है। आरोपी अजय यादव लुधियाना (पंजाब) के फतेहगढ़ मोहल्ला, बग्गा कला, का रहने वाला है।
 
 '