Today Breaking News

गाजीपुर में छाया घना कोहरा, सड़कों पर थमी रफ्तार, न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता मात्र 20 मीटर रह गई है। इसके कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गाड़ियां 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से चल रही हैं।
घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर दुर्घटनाएं भी हुई हैं। लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को सामान्य से अधिक समय लग रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। आज गाजीपुर में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सबसे ठंडे दिनों में से एक है।

ग्रामीण इलाकों में ठंड और कोहरे का प्रभाव अधिक है। किसानों को खेतों में काम करने में कठिनाई हो रही है, जबकि बुजुर्ग और बच्चे ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। गांवों में भी लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं।

शीतलहर के कारण सुबह और रात के समय लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कम तापमान के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों के वाहन भी कोहरे और फिसलन के कारण देरी से चल रहे हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल ठंड और कोहरे से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम जताई है, जिससे लोगों की मुश्किलें अभी बनी रह सकती हैं।
 
 '