Today Breaking News

गाजीपुर में गोआश्रय स्थलों में हरे चारे की प्रगति कम, डीएम ने नेपियर घास रोपण के निर्देश दिए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को राइफल क्लब में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चारागाह भूमि पर हरे चारे की बुवाई में जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही माना।
उन्होंने जनपद के समस्त खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अभियान चलाकर आगामी एक सप्ताह के भीतर चारागाह की भूमि पर नेपियर घास का रोपण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।

कलेक्ट्रेट सभागार (राइफल क्लब) में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश के लिए भूसा, हरा चारा और चोकर आदि की उपलब्धता मानक के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साइलेज की व्यवस्था करने को कहा गया।

गोवंश की सुरक्षा एवं देखरेख को लेकर जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को गोआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर को विकास भवन में एक कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
 
 '