Today Breaking News

गाजीपुर में 27 जनवरी 2026 को देशव्यापी बैंक हड़ताल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. ग़ाज़ीपुर में प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को सफल बनाने के लिए यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ग़ाज़ीपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को लंका स्थित एक होटल में आयोजित की गई। इस बैठक में 27 जनवरी 2026 को पीएनबी विशेश्वरगंज, ग़ाज़ीपुर परिसर में सुबह 9:30 बजे से प्रदर्शन करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स यूनियन के अध्यक्ष राकेश यादव ने की, जबकि संचालन UFBU ग़ाज़ीपुर के जिला संयोजक एवं UPBEU के जिला मंत्री सत्येन्द्र गुप्ता ने किया। इसमें हड़ताल की तैयारियों, बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आंदोलन को प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए BEFI के जिला मंत्री जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि यह हड़ताल बैंक कर्मियों के सम्मान, अधिकार और न्याय से जुड़ा संघर्ष है। अध्यक्षीय संबोधन में राकेश यादव ने कर्मचारियों की जायज़ मांगों की अनदेखी बर्दाश्त न करने की बात कही और सभी से एकजुट होकर आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। सत्येन्द्र गुप्ता ने पाँच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया।

पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन के जिला मंत्री कमलेश सिंह ने बताया कि पीएनबी के सभी कर्मचारी हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। बैंक ऑफ इंडिया के जिला मंत्री रामजी ने कहा कि ग़ाज़ीपुर की सभी बैंक यूनियनें आपसी एकता के साथ आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बैठक में विभिन्न बैंकों और यूनियनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
 
 '