गाजीपुर में बेकाबू बाइक पेड़ से टकराई, चालक की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र में बीती रात एक सड़क दुर्घटना में 37 वर्षीय युवक वीरेंद्र प्रसाद की मौत हो गई। अमिरहां गांव निवासी वीरेंद्र वैवाहिक कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है।
यह हादसा सैदपुर-भीमापार मार्ग पर जैनपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र की तेज रफ्तार बाइक घर से लगभग 3 किलोमीटर पहले अनियंत्रित हो गई और एक पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में वीरेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ईसीजी परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
वीरेंद्र अपने परिवार में पांच बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर थे। उनके सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। कुछ वर्ष पहले ही उनके पिता हरिशंकर प्रसाद का निधन हो गया था। वीरेंद्र अपने पीछे पत्नी रजनी, मां कौशल्या, दो छोटे बेटे 7 वर्षीय विराज और 4 वर्षीय शिवराज, तथा एक वर्षीय पुत्री छोटी को छोड़ गए हैं।
वीरेंद्र खेती और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन के बाद से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
