गाजीपुर पुलिस को मिलीं 5 नई UP-112 बाइक, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शुक्रवार को पांच नई यूपी-112 दोपहिया पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पुलिस लाइन परिसर से विभिन्न थानों के लिए भेजे गए।
इन वाहनों के शामिल होने से जिले के दूरदराज क्षेत्रों में आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की पहुंच तेज होगी। इससे प्रभावी गश्त के जरिए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इन नई दोपहिया यूपी-112 गाड़ियों के संचालन से पुलिस का प्रतिक्रिया समय कम होगा, जिससे आमजन को समय पर सहायता मिल सकेगी।
डॉ. राजा ने जोर देकर कहा कि संसाधनों में वृद्धि से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और जनता को बेहतर तथा त्वरित सेवा प्रदान की जा सकेगी। इस कार्यक्रम में पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
