गाजीपुर में बाइक-कार की टक्कर में पति, पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. बिरनो-वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर भड़सर स्थित कट के पास एक बाइक और कार की टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब मऊ की ओर से आ रही बाइक को कार ने पीछे से टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पखईपुर निवासी रमाशंकर राम, उनकी पत्नी कांति देवी और पुत्र विकास के रूप में हुई है। ये सभी बाइक से बिरनो थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बिरनो पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को उपचार के लिए बिरनो सीएचसी भेजा। कार चालक कृष्णरमण पाण्डेय, जो सलेमपुर देवरिया के निवासी हैं, ने बताया कि वह अपने चालक के साथ देवरिया से वाराणसी जा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि बाइक सवार के अचानक मुड़ जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्हें हल्की चोटें आईं और एयरबैग खुलने से वे बच गए।
बिरनो सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को गाजीपुर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां विकास की हालत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नाजुक बनी हुई है। बिरनो थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घायलों को आगे के उपचार के लिए गाजीपुर सदर भेजा गया है।
