Today Breaking News

गाजीपुर में जखनियां रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटा युवक का पैर, जिला अस्पताल रेफर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गुरुवार शाम जखनियां रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां पैर कट गया। घायल की पहचान 52 वर्षीय रामलक्षन पुत्र विश्वनाथ, निवासी आदमपुर घोसी, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मऊ से प्रयागराज रामबाग जाने वाली 65131 नंबर की मेमो पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची ही थी कि इसी दौरान रामलक्षन संतुलन खो बैठे और ट्रेन की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल भिजवाया।

घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

सीएचसी प्रभारी डॉ अजयेश के अनुसार, घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
 
 '