Today Breaking News

गाजीपुर में सड़क हादसे में 3 की मौत, 5 लोग घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बुधवार देर शाम अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मृत्यु हो गई। इन घटनाओं में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहली घटना करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के उत्तमपुर गांव के पास मुहम्मदाबाद-चितबड़ागांव मार्ग पर हुई। यहां तीन वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में बीबीपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। चार अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दूसरी दुर्घटना नोनहरा थाना क्षेत्र के तलिया के पास शाम लगभग 6 बजे हुई। इस हादसे में एक किशोर की जान चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

तीसरी घटना गाजीपुर-वाराणसी हाईवे पर नंदगंज थाना क्षेत्र के सहेड़ी के पास शाम करीब 7 बजे दर्ज की गई। बबेड़ी भुतहियाटाड़ निवासी राहुल बिन्द और सोनू राय अपनी बाइक से गाजीपुर से नंदगंज जा रहे थे, तभी उनकी बाइक एक ब्रेजा कार से टकरा गई।

इस टक्कर में राहुल बिन्द की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। सोनू राय गंभीर रूप से घायल हैं। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर सूरज कुमार ने बताया कि गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया जा रहा है।
 
 '