गाजीपुर में कपड़े की दुकान में आग, लाखों का सामान जलकर खाक
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास स्थित एक कपड़े की दुकान में आग लग गई। इस घटना में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया।
यह दुकान बोगना निवासी ज्वाला चौहान की है। जानकारी के अनुसार, दुकान बंद होने के बाद अचानक अंदर से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग पूरी दुकान में फैल गई।
आग की लपटें देखकर मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी और स्वयं आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद, पास के समरसेबल पंप से पानी डालकर आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान का सारा सामान जल चुका था।
दुकानदार ज्वाला चौहान ने बताया कि आग लगने से तैयार रेडीमेड कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। उन्हें लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान है। आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक ज्ञात नहीं है, लेकिन शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय लेखपाल उपेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित दुकानदार से घटना के संबंध में पूछताछ की।
