गाजीपुर में 1.37 लाख छात्र देंगे बोर्ड परीक्षा, 29 अति संवेदनशील
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। जिले में कुल 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 29 केंद्र अति संवेदनशील और 63 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन परीक्षाओं में हाईस्कूल के लगभग 67 हजार और इंटरमीडिएट के करीब 70 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिससे कुल 1.37 लाख छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
परीक्षाओं की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। निगरानी हेतु 12 जोन बनाए गए हैं, जबकि 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 सचल दल (फ्लाइंग स्क्वॉड) तैनात किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।
सभी 196 केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी तैनात रहेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और पूरे जिले की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी।
प्रश्नपत्रों को पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित स्थानों पर रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर इन्हें डबल लॉक वाली स्टील या लोहे की अलमारी में सुरक्षित रखा जाएगा। इन अलमारियों की एक चाबी केंद्र व्यवस्थापक, दूसरी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक के पास रहेगी।
प्रश्नपत्र परीक्षा प्रारंभ होने से अधिकतम 15 मिनट पूर्व सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में खोले जाएंगे। पैकेट खोलने से पहले विषय, प्रश्नपत्र और संकेतांक का मिलान करना अनिवार्य होगा।
स्ट्रांग रूम, जहां प्रश्नपत्र रखे जाएंगे, 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। स्ट्रांग रूम में प्रवेश के लिए लॉग बुक में तिथि, समय और उद्देश्य दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, स्ट्रांग रूम में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
