Today Breaking News

गाजीपुर में हाईवे पर ई-रिक्शा प्रतिबंध, अवैध कट पर FIR के निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर कलेक्ट्रेट में सोमवार को डीएम अविनाश कुमार की अध्यक्षता में जिला सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई, जिसमें हाईवे पर ई-रिक्शा प्रतिबंध और अवैध कट पर एफआईआर दर्ज करने जैसे सख्त निर्देश दिए गए। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था।


समीक्षा के दौरान हाईवे पर अवैध कट, अनियंत्रित पार्किंग, सड़कों पर गड्ढे, जलजमाव, निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग की कमी और यातायात नियमों के उल्लंघन जैसी कई खामियां सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बैठक में स्वयं उपस्थित रहने और मासिक व वार्षिक तुलनात्मक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

पुलिस विभाग को हिट एंड रन मामलों पर कार्यशाला आयोजित कर मीडिया के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने को कहा गया। परिवहन विभाग ने बताया कि वर्तमान में कोई भी हिट एंड रन मामला लंबित नहीं है। यातायात निरीक्षक मनीष त्रिपाठी ने सड़क दुर्घटनाओं का माहवार और वर्षवार विवरण प्रस्तुत किया, जिसकी सराहना की गई।

जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात और सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन एवं प्रशासन) को संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों की जांच करने, बिना हेलमेट, ओवरलोडिंग और बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने वाले छात्रों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा अभिभावकों को नोटिस भेजने के निर्देश दिए गए।

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 'गोल्डन ऑवर' में अस्पताल पहुंचाने के लिए आमजन को जागरूक करने और 'राहवीर योजना' के तहत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों और राज्य मार्गों सहित सभी सड़कों पर थर्मोप्लास्टिक लाइनिंग, रेट्रो रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गड्ढों की तत्काल मरम्मत, निर्माण स्थलों की उचित बैरिकेडिंग और जलजमाव को खत्म करने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। विशेष रूप से, वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय मार्ग संख्या-31 पर अवैध कट बनाने वालों को सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चिन्हित कर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

हाईवे पर चिन्हित स्थानों पर ही पार्किंग, ई-रिक्शा संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध, रांग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल प्रयोग और नशे में वाहन चलाने वालों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्माणाधीन रेल सह सड़क सेतु के पहुंच मार्ग पर समुचित डायवर्जन के बाद ही कार्य कराने के निर्देश दिए गए और दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी गई।

बैठक का संचालन लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अनुराग यादव ने किया, जिसमें पुलिस, परिवहन, स्वास्थ्य विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और परिवहन यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
 
 '