गाजीपुर में CDO ने मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के लक्ष्य पूर्ति और पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना की वार्षिक कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए एक जनपद स्तरीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों की समीक्षा करना, योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और पूर्व की योजनाओं के लाभार्थियों की पुनरावृत्ति को रोकना था।
अध्यक्ष संतोष कुमार वैश्य ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आवंटित लक्ष्यों की पूर्ति शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध ढंग से की जाए।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी आशीष कुमार ने कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जनपद को 12 हेक्टेयर फल क्षेत्र विस्तार, 50 हेक्टेयर शाकभाजी क्षेत्र विस्तार, 3400 रनिंग मीटर घेराबंदी, 150 बॉक्स मधुमक्खी पालन और 5 यूनिट इको लाइट ट्रैप का लक्ष्य मिला है।
योजना का क्रियान्वयन 'प्रथम आवक-प्रथम पावक' के सिद्धांत पर किया जाएगा। पूर्व में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के शेष पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस योजना के लिए किसी अन्य पोर्टल पर आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन या औद्यानिक विकास कार्यक्रम के किसी भी पूर्व लाभार्थी को इस नई योजना का लाभ दोबारा न दिया जाए। बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, परियोजना निदेशक दीनदयाल, कृषि विज्ञान केंद्र आंकुशपुर के वैज्ञानिक डॉ. दीपक प्रजापति, मंडी निरीक्षक ऋषि सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार और प्रगतिशील कृषक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
