Today Breaking News

गाजीपुर पहुंचे पद्मश्री सम्मानित ओलंपियन धनराज पिल्लई

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में आयोजित एक राज्य स्तरीय आमंत्रण महिला हॉकी प्रतियोगिता के दौरान भारत के पूर्व हॉकी कप्तान, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित दिग्गज खिलाड़ी धनराज पिल्लई का आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने महिला खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया और अपने अनुभव साझा किए।
पत्रकारों से बातचीत में धनराज पिल्लई ने हॉकी और क्रिकेट की लोकप्रियता की तुलना की। उन्होंने कहा कि सभी खेल फेडरेशनों को क्रिकेट से सीखना चाहिए। पिल्लई ने बीसीसीआई की सराहना करते हुए कहा कि क्रिकेट फेडरेशन अपने पुराने खिलाड़ियों को साथ जोड़कर रखता है, जिससे यह खेल आज सबसे लोकप्रिय बन गया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि क्रिकेट के मुकाबले आज कोई दूसरी फेडरेशन खड़ी नहीं हो सकती। हॉकी को क्रिकेट जितने स्पॉन्सर नहीं मिल पाते, यही दोनों खेलों के बीच सबसे बड़ा अंतर है, जो हॉकी की लोकप्रियता को सीमित करता है।

गाजीपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अंबुज श्रीवास्तव के आमंत्रण पर टूर्नामेंट में पहुंचे धनराज पिल्ले ने खिलाड़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वे खुद एक गरीब परिवार से आते हैं, लेकिन कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

पिल्ले ने खिलाड़ियों से कहा कि आज सरकार खेलों के लिए पर्याप्त मदद और संसाधन उपलब्ध करा रही है। अब केवल खिलाड़ियों की मेहनत और लगन की आवश्यकता है। उन्होंने जोर दिया कि अच्छा प्रदर्शन करने से खिलाड़ी अपने माता-पिता और खुद के लिए एक बेहतर जीवन बना सकते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि वे कभी खुद को कमजोर न समझें। पिल्ले ने अपना उदाहरण देते हुए कहा, “मैं राष्ट्रपति भवन जाकर अर्जुन अवार्ड लेने का सपना देखा करता था और मैंने उसे पूरा किया। इसलिए कभी खुद को कमजोर या कमतर मत समझिए, मेहनत और लगन से खेलिए, आपको कोई नहीं रोक सकता।”

इस दौरान, अमेरिका द्वारा टैरिफ लगाए जाने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर नाटकीय अंदाज में कहा, "हमको काहे राजनीति में फंसा रहे हो भाई।"

धनराज पिल्ले के आगमन से प्रतियोगिता में शामिल महिला खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गाजीपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की कुल छह प्रमुख टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन मैच यूपी पुलिस और गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज के बीच खेला गया।
 
 '