गाजीपुर में पुलिस ने ट्रक से 11 गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भांवरकोल पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर रसूलपुर के पास एक ट्रक से 11 गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। इन पशुओं को क्रूरतापूर्वक बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में वाहन चालक सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह वह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सलारपुर की ओर से भरौली की तरफ आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। ट्रक पीले प्लास्टिक के तिरपाल से ढका हुआ था।
तिरपाल हटाने पर उसमें आठ गायें और तीन बछड़े क्रूरतापूर्वक लादे हुए पाए गए। पुलिस ने गोवंश पशुओं सहित ट्रक को जब्त कर लिया और उसमें बैठे दो तस्करों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम अखिलेश पांडेय बताया, जो मेरठ जनपद के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरम मोहक्मपुर रोड का निवासी है।
दूसरे आरोपी की पहचान बागपत जनपद के बलैनी थाना क्षेत्र के हड़िया खेरा निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर गिरफ्तार किए गए इन दोनों आरोपियों के अलावा, गाड़ी मालिक सहित पांच अन्य लोगों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
