Today Breaking News

गाजीपुर में 11,387 छात्रों ने छोड़ा बोर्ड एग्जाम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन कुल 1,37,456 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 11,387 अनुपस्थित रहे। ये परीक्षाएं जिले के 196 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित की गईं।
हाईस्कूल में 66,498 पंजीकृत छात्रों में से 5,728 ने परीक्षा छोड़ी, जबकि 60,770 छात्र उपस्थित रहे। इसी तरह, इंटरमीडिएट में 70,958 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 5,659 अनुपस्थित रहे और 65,299 ने परीक्षा दी।

पहले दिन दोनों पालियों में हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 29 केंद्रों को अति संवेदनशील और 63 को संवेदनशील घोषित किया गया है।

परीक्षा केंद्रों पर 12 जोन, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 8 सचल दल तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में थे और प्रश्नपत्र डबल लॉक सिस्टम में खोले गए।

प्रवेश के दौरान, मोबाइल और स्मार्ट वॉच के साथ पहुंचे दो छात्रों को गेट पर रोका गया। उनके उपकरण बाहर जमा कराने के बाद ही उन्हें परीक्षा देने की अनुमति मिली। अधिकारियों ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न हुई।

 
 '