गाजीपुर में CTET परीक्षा संपन्न, 1844 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) शनिवार और रविवार को सकुशल संपन्न हो गई। दो पालियों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 1844 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं ताकि इसे नकल विहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जा सके। जिले भर में कुल 32 केंद्र बनाए गए थे, जहां 20,848 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
पहली पाली में 32 केंद्रों पर पंजीकृत 12,923 परीक्षार्थियों में से 11,755 उपस्थित हुए, जबकि 1,168 ने परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार, दूसरी पाली में 20 केंद्रों पर 7,925 परीक्षार्थियों को बैठना था, लेकिन 7,249 ने ही परीक्षा दी और शेष 676 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई थी। मरदह स्थित केंद्र एम आर डी पब्लिक स्कूल पर भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एस. कुशवाहा ने बताया कि जिले में सीटीईटी की परीक्षा दोनों पालियों में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हुई।
