गाजीपुर में पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, किशोर की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मनिहारी में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर घटनास्थल की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना किशोर के परिजन और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजन रोने बिलखने लगे।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। उन्होंने प्रशासन से आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
यह हादसा बुजुर्गा प्राथमिक विद्यालय के पास की है। मृतक किशोर की पहचान ऊसरगांव नसीरपुर थाना क्षेत्र जंगीपुर गांव निवासी 14 वर्षीय अनुज कुमार भारती पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है। भग्गन राम अपने नाती अनुज के साथ बाइक पर अपनी बेटी के घर कोनहवा जा रहे थे। तभी प्राथमिक विद्यालय के पास तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अनुज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मृतक अनुज अपने माता-पिता की तीन संतानों में से एक था। उसके बड़े भाई (16) आदर्श कुमार भारती और बहन (18) अनुष्का कुमारी हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर दिया। उन्होंने प्रशासन से आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
