गाजीपुर में पीपा पुल कार्गो जहाजों के लिए खुला, एक घंटे आवागमन ठप
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के भदौरा स्थित बारा पीपा पुल को सोमवार शाम कार्गो जहाजों को पार कराने के लिए खोला गया। इस दौरान गंगा नदी के दोनों ओर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों को इंतजार करना पड़ा।
ये दो कार्गो जहाज वाराणसी से कोलकाता की ओर जा रहे थे। जहाजों पर फिलहाल कोई सामान नहीं लदा था। पायलटों ने बताया कि वे कोलकाता से माल लोड कर वापस वाराणसी लौटेंगे।
केंद्र सरकार गंगा नदी में माल ढुलाई और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जलमार्ग विकसित कर रही है। इसी क्रम में वाराणसी से हल्दिया तक जलमार्ग का उपयोग कर समय-समय पर कोलकाता से पटना होते हुए वाराणसी तक क्रूज और कार्गो जहाजों का संचालन किया जाता है।
जहाजों पर मास्टर, हेल्पर, ड्राइवर, ग्रिजर और लस्कर सहित कुल सात कर्मचारी मौजूद थे। जहाजों को सुरक्षित पार कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने पुल के छह पीपे खोले। पुल खुलने के कारण गंगा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लोक निर्माण विभाग के मेठ अवधेश कुमार ने बताया कि पुल खोलने की जानकारी पहले ही लोगों को दे दी गई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंगा नदी में छोटे-बड़े जहाजों की आवाजाही के कारण अक्सर पुल खोलना पड़ता है।
