गाजीपुर से मांझीघाट एक्सप्रेस-वे जून तक होगा तैयार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर से बिहार के सारण जिले के मांझीघाट तक बन रहा ग्रीनफील्ड 4 लेन एक्सप्रेस-वे जून 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने गाजीपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। 134.39 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस-वे 5300 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
एनएचएआई के अनुसार, इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को 60 मीटर राइट ऑफ वे के साथ डिज़ाइन किया गया है। इस पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे। मार्ग पर दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी किया जाएगा।
एक्सप्रेस-वे पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) भी स्थापित किया जाएगा। इसमें सीसीटीवी कैमरे, दुर्घटना पहचान प्रणाली, वैरिएबल मैसेज साइन और इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। यह एक्सप्रेस-वे गाजीपुर के हृदयपुर से शुरू होकर मांझीघाट तक विस्तृत होगा।
यह परियोजना बलिया, बक्सर और सारण जिलों को सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ेगी, जिससे इन क्षेत्रों की सड़क संपर्कता मजबूत होगी। एनएचएआई अधिकारियों का मानना है कि यह एक्सप्रेस-वे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
