गाजीपुर कोर्ट में तन्नु अंसारी की पेशी, मनोज राय हत्याकांड में 12 फरवरी को अगली सुनवाई
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के MP/MLA कोर्ट में मंगलवार को मुख्तार अंसारी के साढ़ू गौस मोहिउद्दीन उर्फ तन्नु अंसारी की पेशी हुई। जज शक्ति सिंह की अदालत में आरोपी को केस से जुड़े दस्तावेज सौंपे गए। कोर्ट ने 2001 के मनोज राय हत्याकांड में अगली सुनवाई के लिए 12 फरवरी की तारीख तय की है। वहीं, तन्नु अंसारी की जमानत याचिका पर 5 फरवरी को सुनवाई होगी।
यह मामला वर्ष 2001 में हुए मनोज राय हत्याकांड से संबंधित है। इस संबंध में वर्ष 2023 में बिहार के बक्सर निवासी शैलेंद्र कुमार राय ने मोहम्मदाबाद कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। एफआईआर में आरोप लगाया गया था कि मनोज राय की हत्या मुख्तार अंसारी, गौस मोहिउद्दीन उर्फ तन्नु अंसारी और अन्य सहयोगियों ने मिलकर की थी। बताया गया है कि मनोज राय, मुख्तार अंसारी के साथ ठेकेदारी के काम से जुड़ा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर तन्नु अंसारी को मोहम्मदाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अभियोजन पक्ष की ओर से शासकीय अधिवक्ता नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को कोर्ट में पेशी के दौरान सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को निर्धारित की है, जबकि आरोपी की जमानत याचिका पर 5 फरवरी को सुनवाई प्रस्तावित है।
