Today Breaking News

गाजीपुर में मटर तोड़ने पर दो पक्षों में मारपीट, 6 लोग गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के अब्दुलाहपुर मौजा में मंगलवार को मटर तोड़ने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में एक ही पक्ष के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हिंसा में घायल हुए लोगों की पहचान बालकृष्ण यादव (22), हिमांशु (20), विजयी यादव (50), श्रीकांत (45), पंकज (24) और मुकेश (18) के रूप में हुई है।

ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को रेवतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। चिकित्सकों ने मुकेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि अन्य पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बरती जा रही है। घायल विजयी यादव के पुत्र रविशंकर यादव ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में आधा दर्जन से अधिक लोगों को नामजद करते हुए दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

तहरीर के अनुसार, विजयी यादव सुहवल थाना क्षेत्र में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। ड्यूटी से लौटने के बाद वे अपने परिजनों के साथ खेत में मटर तोड़ रहे थे। इसी दौरान करीब 50 से अधिक हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया। आरोप है कि शोर मचाने पर हमलावर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।