गाजीपुर में सफाईकर्मी की ट्रेन से कटकर मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के मटेहु गांव निवासी एक सफाईकर्मी की मऊ जिले में ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। मृतक मऊ जिले में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। इस घटना के बाद से गांव में शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामकृत यादव मऊ जिले के मुहम्मदाबाद ब्लॉक के बंदी घाट गांव में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार सुबह वह मटेहु स्थित अपने घर से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान मऊ जिले के पिपरीडीह के पास अज्ञात कारणों से वह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। रामकृत यादव अपने पीछे पत्नी गुड़िया देवी और दो बेटों, 17 वर्षीय अखिलेश यादव और 14 वर्षीय अभिषेक यादव को छोड़ गए हैं।
रामकृत यादव की मृत्यु की खबर से मटेहु गांव में शोक व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचकर परिजनों से मिले। स्थानीय प्रशासन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
