Today Breaking News

गाजीपुर में डंफर ने बाइक सवार शिक्षक को कुचला, मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय शिक्षक आशुतोष राय की मौत हो गई। नईबाजार मोड़ स्थित एनएच-24 पर एक तेज रफ्तार डंफर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का-जाम कर दिया।
मृतक शिक्षक आशुतोष राय (28) चंदौली जनपद के ककरैत गांव के निवासी थे। वह जमानियां तहसील क्षेत्र के बरूईन स्थित एक निजी विद्यालय में कार्यरत थे। मंगलवार को वह अपनी बाइक से विद्यालय जा रहे थे, तभी नईबाजार तिराहे पर जमानियां स्टेशन बाजार की ओर से आ रहे डंफर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद डंफर चालक वाहन समेत फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डंफर और चालक को पकड़ लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का-जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मौके पर पहुंची कंदवा थाना पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और प्रशासन के आश्वासन के बाद लगभग 4 घंटे बाद चक्का-जाम समाप्त हुआ।

पुलिस की मौजूदगी में शव को गांव ले जाया गया। बताया जा रहा है कि आशुतोष राय अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और उनकी दो बड़ी बहनें हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है। कंदवा थाना प्रभारी प्रियंका सिंह ने बताया कि डंफर और चालक को हिरासत में ले लिया गया है और शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

 
 '