गाजीपुर में ट्रेलर ने मां-बेटी और भतीजी को कुचला, तीनों की मौत; सड़क जाम कर प्रदर्शन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में ट्रेलर ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया, जिसमें मां-बेटी और भतीजी की मौत हो गई। बुधवार को बलिया में बहन के घर शादी थी। परिवार के चारों लोग एक ही बाइक से जा रहे थे। रास्ते में ट्रेलर को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक पलट गई। इसी दौरान तीनों महिलाएं ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। एसडीएम, सीओ और तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना बरेसर थाना क्षेत्र के बाराचवर चट्टी स्थित देसी शराब की दुकान के पास की है।
मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के आबादान उर्फ बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया अपने परिवार के साथ रहते थे। वह पान की दुकान चलाते थे। बुधवार को बलिया में बहन के घर शादी थी। शाम को दुकान बंद कर वह पत्नी कुसुम देवी (32), बेटी अनन्या (6) और भतीजी कीर्ति चौरसिया (8) के साथ बाइक से शादी में शामिल होने जा रहे थे।
यूसुफपुर-बाराचवर मुख्य सड़क पर रणजीत ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से एक अन्य बाइक आ गई। उसे बचाने के प्रयास में रणजीत की बाइक असंतुलित होकर पलट गई। बाइक पलटते ही कुसुम देवी, अनन्या और कीर्ति ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। रणजीत चौरसिया बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि आगे बरेसर पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे। जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। हादसे के बाद मोहम्मदाबाद के एसडीएम डॉ. हर्षित तिवारी, सीओ सुधाकर पांडे और तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस द्वारा हल्का लाठी का भी प्रयोग किया गया। । पुलिस ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रेलर चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था और गाड़ी पर उसका नियंत्रण नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण तीन लोगों की जान चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि मोहम्मदाबाद-परसा रोड पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। उनका आरोप है कि डंपर और ट्रक चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि डंपर और ट्रकों को इसलिए नहीं रोका जाता क्योंकि पुलिस इन वाहनों से वसूली करती है। इसी कारण चालक मनमाने ढंग से गाड़ियां चलाते हैं और हादसे हो रहे हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ‘प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।
