गाजीपुर में किरतू राय इंटर कॉलेज में हाई स्कूल परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर स्थित किरतू राय इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल विज्ञान परीक्षा के दौरान एक फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक देवेंद्र कुमार चौहान की शिकायत पर बुधवार शाम खानपुर थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
यह मामला तब सामने आया जब परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को छात्र पर संदेह हुआ। अनुक्रमांक नंबर के आधार पर मिलान करने पर पता चला कि वह मूल परीक्षार्थी के स्थान पर फर्जी तरीके से परीक्षा दे रहा था। कक्ष निरीक्षक ने तुरंत इसकी सूचना विद्यालय प्रबंधक को दी।
प्रबंधक ने संबंधित मजिस्ट्रेट को मामले से अवगत कराया, जिसके बाद फर्जी छात्र को खानपुर पुलिस थाने लाया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह अपने सगे भाई की जगह परीक्षा दे रहा था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे जिला मुख्यालय स्थित किशोर न्यायालय भेजा। न्यायालय के निर्देश पर किशोर छात्र को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इस घटना से परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया था।
मामले में खानपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। फर्जी छात्र को किशोर न्यायालय रवाना कर दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
