Today Breaking News

गाजीपुर में पानी पीने पर विवाद, घर में घुसकर महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों से मारपीट, FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के चवर गांव में पानी पीने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं समेत परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
चवर गांव की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने पट्टीदार के हैंडपंप से पानी पीती थीं। बीती रात करीब 9 बजे, आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और सब्बल लेकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार, जब वह अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर भागीं, तो आरोपी उनके घर में घुस गए। उनकी बेटियों और पति ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटा। इस मारपीट में परिवार के सदस्यों को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने जाते समय पीड़िता और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उनकी जमीन और घर हड़पना चाहते हैं।

मरदह थाना प्रभारी तारावती ने जानकारी दी कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 
 '