Today Breaking News

गाजीपुर में विद्युत तार चोरी में तीन अभियुक्त गिरफ्तार, हथियार और वाहन बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के शादियाबाद पुलिस ने बुधवार को विद्युत पोल से एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए तार, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और एक तमंचा बरामद किया है।
थाना शादियाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बीते दिनों विद्युत पोल से तार काटे जाने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन वारदातों से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। पुलिस ने इन मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी।

अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को युसुफपुर बेंसो नदी पुल के पास से नन्दलाल बिन्द, अमरजीत बिन्द और राधेश्याम बिन्द को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन संख्या UP65KT0012, चोरी किए गए 153 मीटर एल्युमिनियम तार के तीन बंडल बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, अभियुक्त राधेश्याम बिन्द के पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस के अनुसार, ये अभियुक्त थाना शादियाबाद और जंगीपुर में दर्ज बिजली तार चोरी के मामलों में वांछित थे।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। राधेश्याम बिन्द के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि तीनों अभियुक्त पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय सहित थाना शादियाबाद के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
 
 '