गाजीपुर में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने प्रयागराज को 6-1 से हराया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नेहरू स्टेडियम में स्वर्गीय गुलाब चंद्र राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के तहत रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इन मैचों में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और नॉर्थ ईस्ट रेलवे ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराया।
यह प्रतियोगिता अंबुज हॉकी सोसाइटी द्वारा 8 से 12 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। लीग कम नॉकआउट प्रणाली पर आधारित इस राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
दिन का पहला मुकाबला प्रयागराज और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच खेला गया। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने प्रयागराज को 6-1 से पराजित किया। गोरखपुर की ओर से दिव्या ने दो गोल (9वें और 37वें मिनट में) और आरिका ने हैट्रिक सहित तीन गोल (12वें, 29वें और 36वें मिनट में) किए। ममता ने 16वें मिनट में एक गोल दागा। प्रयागराज के लिए एकमात्र गोल पुष्पांजलि ने 5वें मिनट में किया।
दूसरा मुकाबला नॉर्थ ईस्ट रेलवे और रामपुर के बीच हुआ, जिसमें नॉर्थ ईस्ट रेलवे ने 8-2 से जीत दर्ज की। रेलवे की ओर से काजल ने तीन गोल (7वें, 18वें और 33वें मिनट में), सुमिता ने दो गोल (16वें और 27वें मिनट में) और सिमरन ने दो गोल (29वें और 34वें मिनट में) किए। रमनप्रीत ने 35वें मिनट में एक गोल किया। रामपुर की तरफ से शोभा ने 5वें और प्रियांशी ने 39वें मिनट में गोल किए।
पहले मैच की मुख्य अतिथि बीती सिंह और दूसरे मैच के मुख्य अतिथि कृष्णानंद सिंह रहे। बृजेश यादव, मोहम्मद सफी, रश्मि, करन आदित्य, नीरज और आसिफ इकबाल ने इन मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका निभाई।
