Today Breaking News

गाजीपुर में दीपक हत्याकांड में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पिस्टल-बाइक बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव के पास 11 जनवरी की रात दीपक राजभर की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस हत्याकांड में वांछित 50 हजार रुपए के इनामिया अभियुक्त विशाल यादव उर्फ छोटक को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री ने की है।

यह गिरफ्तारी 9 और 10 फरवरी की रात टोडार गांव में चेकिंग के दौरान हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विशाल यादव के अलावा सौरभ यादव और धनंजय राजभर शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, विशाल यादव उर्फ छोटक कासिमाबाद थाना क्षेत्र के शंकरपुर दुल्लहपुर का निवासी है। वह हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमों में वांछित था। चेकिंग के दौरान विशाल यादव और सौरभ यादव को मौके से पकड़ा गया, जबकि तीसरे आरोपी धनंजय राजभर को उसके गांव बेलसड़ी से गिरफ्तार किया गया।

सीओ ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 9/10 फरवरी की रात थाना कासिमाबाद पुलिस द्वारा ग्राम टोडार में चेकिंग के दौरान इनामी अभियुक्त विशाल यादव और उसके साथी सौरभ यादव को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद सोमवार 10 फरवरी को इस मामले में वांछित तीसरे अभियुक्त धनंजय राजभर को उसके निवास स्थान बेलसड़ी से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया है। मुख्य अभियुक्त विशाल यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस तीनों अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 
 '