गाजीपुर में कोडीन सिरप तस्करी में आरोपी अमित सिंह की 60.35 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर पुलिस ने मादक द्रव्य कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडीन कफ सिरप तस्करी के आरोपी अमित सिंह की अवैध संपत्ति कुर्क की है। यह संपत्ति थाना कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक मामले से संबंधित है, जिसे आरोपी ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदा था। कुर्क की गई संपत्ति का बाजार मूल्य लगभग 60 लाख 35 हजार रुपए आंका गया है।
पुलिस द्वारा यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 फरवरी 2026 को की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी अमित सिंह के खिलाफ 24 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली गाजीपुर में मुकदमा संख्या 896/25 दर्ज किया गया था।
यह मुकदमा कोडीन कफ सिरप की तस्करी से जुड़ा है और इसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम तथा नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी अमित सिंह, जो झोटना थाना भुड़कुड़ा का निवासी है। जिसने मादक द्रव्य तस्करी से अर्जित अवैध आय से अपनी पत्नी अनीता सिंह के नाम पर जमीन खरीदी थी।
SAFEEMA अधिनियम की धारा 68(F) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, पुलिस ने मौजा जखनियां गोविन्द, परगना शादियाबाद, तहसील जखनियां स्थित आराजी संख्या 0636 (63.5 वर्ग मीटर) और आराजी संख्या 816 (64 वर्ग मीटर) को नियमानुसार अस्थायी रूप से कुर्क किया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। विभाग मादक द्रव्य कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई करना जारी रखेगा।
