गाजीपुर में महिला हॉकी में रामपुर और यूपी पुलिस ने जीते मुकाबले
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नेहरू स्टेडियम में स्वर्गीय गुलाब चंद्र राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के तहत 10 फरवरी को दो मुकाबले खेले गए। इन मैचों में रामपुर और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमों ने जीत दर्ज की।
पहले मैच में रामपुर ने अयोध्या हॉस्टल को 2-1 से हराया। रामपुर की ओर से लक्की ने 22वें और 25वें मिनट में गोल किए, जबकि अयोध्या हॉस्टल के लिए प्रतिमा ने 11वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रयागराज को 3-1 से मात दी। उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से सोनाली ने 36वें और 39वें मिनट में, वहीं मैरी ने 38वें मिनट में गोल दागे। प्रयागराज के लिए पायल ने 12वें मिनट में गोल किया।
यह प्रतियोगिता अंबुज हॉकी सोसाइटी द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में हॉकी खेल को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है। टूर्नामेंट 08 फरवरी से 12 फरवरी तक लीग और नॉकआउट प्रणाली के तहत खेला जा रहा है, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच कल खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे गोरखपुर और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच होगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल उत्तर प्रदेश पुलिस और रामपुर के मध्य खेला जाएगा।
आज के मैचों के मुख्य अतिथि कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, डॉ. के.के. यादव और जिला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजीत यादव रहे। बृजेश यादव, मोहम्मद सफी, रश्मि, करन आदित्य, नीरज और आसिफ इकबाल ने मैच में निर्णायक की भूमिका निभाई।
