गाजीपुर में खिली धूप, ठंड की तल्खी कम, समय से पहले गर्मी के आसार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के जमानियां क्षेत्र में आज सुबह मौसम पूरी तरह साफ रहा। तय समय पर धूप निकलने से इलाके में चहल-पहल बढ़ गई और लोग अपने दैनिक कार्यों में उत्साह के साथ जुट गए। सुबह के समय हल्की सर्द हवाओं ने बसंत के आगमन का एहसास कराया।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले लगभग एक सप्ताह से मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। साफ आसमान और खिली धूप का सिलसिला जारी है, जो आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने का संकेत दे रहा है।
ठंड की तल्खी कम होने से आमजन ने राहत की सांस ली है। ग्रामीण इलाकों से लेकर प्रमुख मार्गों तक वाहनों की आवाजाही में वृद्धि हुई है, जिससे सामान्य जनजीवन पटरी पर लौटता दिख रहा है। मौसम साफ होने और ठंड में लगातार गिरावट के चलते लोग घरों से बाहर निकलकर चाय की चुस्की लेते भी नजर आए। यह स्थिति समय से पहले गर्मी के आगमन का संकेत दे रही है।
मौसम विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारी सोहन कुमार के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवाएं लगभग 1 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से चल सकती हैं।
क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 115 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। कुहासा नहीं होने के कारण दृश्यता पूरी तरह साफ रही। मौसम विभाग का कहना है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा, तो गर्मी का मौसम समय से पहले दस्तक दे सकता है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप के तेवर तीखे होते गए और लोगों ने गर्म कपड़ों से दूरी बनानी शुरू कर दी। सुबह के समय लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेते नजर आए, जो मौसम में राहत और बदलाव का स्पष्ट संकेत है।
