गाजीपुर में ट्रक की टक्कर से दिव्यांग युवक घायल, चालक-खलासी ट्रक छोड़कर फरार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक दिव्यांग युवक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
यह घटना प्रहलादपुर गांव के पास हुई। भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर कला गांव निवासी शंभू खरवार अपने एक साथी के साथ बाइक से शाहनिन्दा की ओर जा रहे थे। पीछे से आ रहे बालू लदे एक ट्रक ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक पर पीछे बैठे दिव्यांग शंभू खरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी कमर के नीचे गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा।
हालांकि, बाइक चला रहे युवक ने ट्रक का पीछा किया और उसे सुरतापुर के पास रोक लिया। स्थिति बिगड़ती देख चालक और क्लीनर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की जांच जारी है।
