Today Breaking News

गाजीपुर में सड़क हादसे में युवक का पैर कटा, जिला अस्पताल रेफर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र में हैदरगंज स्थित नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक का पैर कट गया। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मरदह थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी मुन्ना राम (30 वर्ष) पुत्र रविंदर राम अपनी बाइक से जा रहे थे। हैदरगंज स्थित जियो पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए मुड़ते समय हाईवे के कट पर उनकी बाइक की एक तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ना राम का पैर मौके पर ही कटकर अलग हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसे मऊ या वाराणसी के लिए रेफर किया जा सकता है।