Today Breaking News

गाजीपुर में पशु तस्कर गिरफ्तार, 6 गोवंशीय पशु बरामद

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में भांवरकोल थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर अजईपुर के पास एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे छह गोवंशीय पशु बरामद किए हैं। आरोपी के पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी मिला है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अजईपुर के पास संदिग्ध महिंद्रा पिकअप को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में तीन गाय और उनके तीन बछड़े ठूंसकर लादे हुए पाए गए।

पुलिस ने पिकअप वाहन और गोवंशीय पशुओं को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजकरन सिंह बताया। वह प्रतापगढ़ जनपद के बाघराय थाना क्षेत्र के सोन का पुरवा, पचमहुआ गांव का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ।

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। बरामद मवेशियों को गो आश्रय स्थल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि वाहन के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।